अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई का निर्देश।
जिला टास्क फोर्स की बैठक में खनन क्षेत्रों के नियमित निरीक्षण, चेकनाकों की निगरानी और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर; निरीक्षण के लिए ड्रोन एवं ऑपरेटर की होगी प्रतिनियुक्ति।

साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा वैध खनन गतिविधियों की निगरानी को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो खनन क्षेत्रों का प्रशासनिक मापी कराना सुनिश्चित करें। साथ ही जिले में संचालित सभी चेकनाकों का नियमित एवं औचक निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान चेकनाकों पर संधारित पंजियों, सीसीटीवी कैमरों, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, वाहनों की संख्या, खनिजों के प्रकार तथा वाहनों के कागजात एवं चालानों की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया। सीसीटीवी कैमरों की नियमित मरम्मत कर उन्हें हमेशा चालू अवस्था में रखने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने अनुमंडल में एक-एक ड्रोन एवं ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। इसके माध्यम से खनन क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई जाएगी, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहन मालिकों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त अवैध क्रशर संचालन, चिमनी, मिट्टी कटाव एवं बालू से संबंधित मामलों में भी नियमित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने अवैध खनन पट्टा क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक खनन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने एवं नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया। अवैध मिट्टी कटाव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा मामला सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित निरीक्षण अभियान चलाने तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, सभी प्रखंडों के अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



