झारखंड स्थापना दिवस पर मध्य नारायणपुर पंचायत में भव्य गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित।
15 आवास लाभुकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं पौधा देकर किया गया सम्मानित, VB-GRAMG योजना के तहत 100 दिनों का रोजगार पूरा करने वाले श्रमिकों को भी मिला सम्मान।

राजमहल साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजमहल प्रखंड अंतर्गत मध्य नारायणपुर पंचायत में आवास योजना के तहत नवनिर्मित पक्के मकानों का भव्य गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लाभुकों को विधिवत गृह प्रवेश कराया गया और उनके अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूसुफ पंचायत मुखिया रिजवाना कासमी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया और लाभुकों को गृह प्रवेश कराया।
इस अवसर पर कुल 15 आवास लाभुकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया। वहीं, VB-GRAMG योजना के तहत पिछले वर्ष 100 दिनों का रोजगार पूरा करने वाले श्रमिकों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना, पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले श्रमिकों का उत्साहवर्धन करना रहा।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूसुफ, मुखिया रिजवाना कासमी, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद धन्नू, बीपीओ गगन बापू, आवास को-ऑर्डिनेटर रविकांत रवि, पंचायत सचिव रवि हेम्ब्रम, रोजगार सेवक ललन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



