साहिबगंज के छह प्रखंडों में 283 किसानों के बीच वितरित किए जा रहे जी-9 केले के उन्नत पौधे।
65 हेक्टेयर भूमि में केला की खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में उद्यान विकास योजना के तहत पहल।

साहिबगंज। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत उद्यान विकास योजना के तहत जिला उद्यान कार्यालय, साहिबगंज द्वारा जिले में उद्यानिकी खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस योजना के तहत जिले के छह प्रखंडों बरहेट, बरहरवा, राजमहल, तालझारी, बोरियो एवं साहिबगंज में कुल 65 हेक्टेयर भूमि पर केला की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए 283 किसानों के बीच जी-9 किस्म के उन्नत केले के पौधों का वितरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में बरहेट प्रखंड में आयोजित पौधा वितरण कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मौके पर जिला उद्यान कार्यालय के लिपिक सुमन कुमार, सौरभ, प्रेम पासवान तथा बागवान मित्र बाबूजी सोरेन भी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने किसानों को जी-9 केले की खेती के महत्व और बेहतर उत्पादन की संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही वैज्ञानिक पद्धति से पौधों का रोपण, उचित दूरी, नियमित सिंचाई, संतुलित खाद एवं उर्वरक का उपयोग तथा पौधों के समुचित रखरखाव के संबंध में विस्तार से बताया गया।
जिला उद्यान कार्यालय का उद्देश्य किसानों को उन्नत किस्म के पौधे और आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को भी बढ़ावा देना है। इस पहल से किसानों की आय में वृद्धि, स्वरोजगार के नए अवसरों का सृजन तथा जिले में केला उत्पादन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



