दीपावली और छठ पूजा से पहले बोरियो बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 6 किलो बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त।
10 मिठाई एवं नाश्ता दुकानों की हुई जांच, खाद्य सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी।

बोरियो साहिबगंज। आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त, साहिबगंज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बोरियो बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बाजार की कुल 10 मिठाई एवं नाश्ता दुकानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव तथा एक्सपायरी तिथि सहित विभिन्न खाद्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में टीम ने 6 किलोग्राम बालूशाही एवं 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त की। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी परिस्थिति में मिलावटी, दूषित अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करें। मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखें तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितता रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, शुद्धता और एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।




