झारखंड

बांग्ला भाषियों को घुसपैठिया कहना बंद करे विपक्ष : विधायक एमटी राजा।

SIR प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने पर जताई चिंता, पुराने दस्तावेजों और गंगा कटाव से विस्थापित परिवारों के लिए वैकल्पिक साक्ष्य की मांग।

साहिबगंज। झारखंड विधानसभा में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) और घुसपैठ के मुद्दे पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए बांग्ला भाषी लोगों को घुसपैठिया कहना बंद करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि केवल भाषा, रिश्तेदारी या क्षेत्रीय पहचान के आधार पर किसी व्यक्ति को घुसपैठिया करार देना उचित नहीं है। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि घुसपैठ के मुद्दे पर आप लोग बुरी तरह हार चुके हैं और आज सदन के उस पार बैठे हैं।

सदन में अपने संबोधन के दौरान विधायक ने SIR प्रक्रिया में वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण आवश्यक है, लेकिन इसके नाम पर वर्षों से मतदान करते आ रहे नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। पुराने दस्तावेजों में नाम, पिता-माता के नाम या वर्तनी में मामूली अंतर होने पर किसी व्यक्ति को उसके मताधिकार से वंचित करना उचित नहीं है।

विधायक एमटी राजा ने ग्रेटर बंगाल के ऐतिहासिक और प्रशासनिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुराने समय में बिहार, बंगाल और ओडिशा की प्रशासनिक व्यवस्था आपस में जुड़ी हुई थी। उस दौर में कई सरकारी दस्तावेज बांग्ला भाषा में तैयार किए गए थे। झारखंड गठन से पहले उधवा क्षेत्र के कई लोगों की जमीन से संबंधित दस्तावेज पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक सहित अन्य निबंधन कार्यालयों में दर्ज हुए थे।

उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं बदलने से उस समय कानूनी रूप से तैयार किए गए दस्तावेज अवैध नहीं हो जाते। इसलिए पुराने अभिलेखों का सत्यापन तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर किया जाना चाहिए।

राजमहल प्रखंड के अंबेडकर नगर का मामला उठाते हुए विधायक ने कहा कि वहां वर्षों से रह रहे और लगातार मतदान करते आ रहे कई लोगों के नाम SIR प्रक्रिया में हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इनमें ऐसे परिवार भी शामिल हैं, जिनके पास जमीन या आवास से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि केवल भू-अभिलेख नहीं होने के आधार पर किसी की मतदाता पात्रता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।

उन्होंने पूर्व की मतदाता सूची, वोटर आईडी, राशन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और अन्य स्वीकार्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों की पात्रता की दोबारा जांच कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि गंगा कटाव के कारण विस्थापित हुए कई परिवारों के पास जमीन से संबंधित पुराने कागजात उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें दस्तावेजों के अभाव में मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उनके लिए वैकल्पिक दस्तावेजों और स्थानीय स्तर पर सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

एमटी राजा ने उधवा अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर आम लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगवाने और मनमानी किए जाने की शिकायतों का जिक्र किया। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

विधायक ने मांग की कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए। नाम या पूर्वजों के नाम की वर्तनी में मामूली अंतर को नाम हटाने का आधार नहीं बनाया जाए। साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं, गरीबों और अशिक्षित मतदाताओं की सहायता के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सवाल उठाया कि SIR प्रक्रिया के बाद आखिर कितने घुसपैठियों की पहचान हुई है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही एक-एक विधानसभा क्षेत्र से 50 से 55 हजार तक मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात सामने आने पर चिंता जताई।

विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि SIR की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पूरी की जाए, ताकि पुराने दस्तावेजों की त्रुटियों, विस्थापन या प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव के कारण कोई भी वास्तविक और पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!