15वें वित्त आयोग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित, उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर।
समाहरणालय सभागार में हुई विस्तृत समीक्षा, योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और SLWM को प्राथमिकता देने का निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद, प्रखंडवार पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उनके विरुद्ध किए जा रहे व्यय तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, योजनाओं के विरुद्ध आवंटित राशि के व्यय की प्रगति में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उपायुक्त ने आगामी ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के तहत चयनित योजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में SLWM (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, ताकि पंचायत स्तर पर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियों तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी को ससमय संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं।
बैठक में उपायुक्त ने योजनाओं की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि स्वीकृत योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके और सरकारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित हो।

बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



