झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के सभी 28 संकुल संगठनों में महिला सशक्तिकरण का लिया गया संकल्प।
1.52 लाख ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बन रहीं आत्मनिर्भर, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर।

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा–2026 के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पलाश झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में जिले के सभी 28 संकुल स्तरीय संगठनों में विशेष बैठक एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न ग्राम संगठनों एवं सखी मंडलों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समूह की एकजुटता और सामूहिक विकास का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), ग्राम संगठनों एवं संकुल स्तरीय संगठनों को और अधिक मजबूत बनाने, सामूहिक नेतृत्व विकसित करने तथा वित्तीय समावेशन के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर ग्राम संगठनों के माध्यम से ऋण वापसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया तथा विभिन्न समूहों एवं ग्राम संगठनों को नए ऋण की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इससे महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और आजीविका संबंधी गतिविधियों का विस्तार करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
सखी मंडल की महिलाओं ने कृषि, पशुपालन, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण एवं गैर-कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। साथ ही पलाश ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और ग्रामीण महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।

इस दौरान बताया गया कि पाकुड़ जिले की 1 लाख 52 हजार ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम कर रही हैं। सखी मंडल अब केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिला नेतृत्व, सामूहिक निर्णय, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एकजुट होकर सशक्त महिला, आत्मनिर्भर परिवार, विकसित गांव और समृद्ध झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।




