झारखंड

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 34,886 विद्यार्थियों के आवेदनों को मिली मंजूरी।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के आवेदनों का हुआ अनुमोदन, पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित दर से मिलेगी छात्रवृत्ति राशि।

साहिबगंज। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (कक्षा 1 से 10 तक) के क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवेदनों की समीक्षा के बाद शेष 34,886 छात्र-छात्राओं के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित दर के अनुसार छात्रवृत्ति राशि के भुगतान का मार्ग प्रशस्त हुआ।

बैठक में ई-कल्याण पोर्टल पर दर्ज आवेदनों के सत्यापन, अग्रसारण और अनुमोदन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि प्रधानाध्यापक स्तर से कुल 1,23,967 विद्यार्थियों के आवेदन पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं। इनमें से 1,00,431 आवेदनों का सत्यापन कर जिला नोडल पदाधिकारी (डीएनओ) स्तर पर अग्रसारित किया जा चुका है।

इससे पूर्व 10 सितंबर 2026 तक 65,545 आवेदनों को स्वीकृति दी गई थी। वहीं, 14 अक्टूबर 2026 तक शेष 34,886 आवेदनों को अनुमोदन के लिए उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिन्हें समीक्षा के बाद मंजूरी प्रदान की गई।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति आवेदनों के सत्यापन, अनुमोदन और राशि के भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहित करना है।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए-सह-जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!