पाकुड़ में आयुष जांच शिविर का सफल आयोजन, 159 लोगों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगे शिविरों में ग्रामीणों को मुफ्त जांच के साथ दवाइयों का भी वितरण।

पाकुड़ जिले में आयुष विभाग की ओर से विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 159 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयाँ भी मुफ्त में उपलब्ध कराई गईं।
यह शिविर अमड़ापाड़ा प्रखंड के सिंगारसी एवं अमीरजोला, महेशपुर प्रखंड के सिंगना, पाकुड़िया प्रखंड के बड़ासिंहपुर तथा सदर प्रखंड में आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. मिथिलेश सिंह, डॉ. बीरेंद्र कुमार, डॉ. अबु तालिब शेख एवं डॉ. सौरभ विश्वास ने बताया कि लाभुकों का रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया रोग, तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न बीमारियों का निःशुल्क परीक्षण किया गया।

चिकित्सकों ने यह भी बताया कि जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श के साथ-साथ मुफ्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
शिविर में शामिल लोगों ने आयुष विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


