आयुष विभाग की पहल: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी।
136 लाभुकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, गांव-गांव पहुंची चिकित्सा सुविधा।

पाकुड़। जिले में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन तक सुलभ चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 136 लाभुकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध कराई गईं।
यह शिविर हिरणपुर प्रखंड के मोहनपुर एवं गुट्टीपहाड़ी तथा लिट्टीपाड़ा प्रखंड के कारियोडीह, जागेश्वर एवं बड़ा घघरी गांवों में आयोजित किए गए। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. कुलेश कुमार, डॉ. लवकुश यादव, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. प्रेम प्रकाश एवं डॉ. अफरोज आलम द्वारा लाभुकों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई।इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया रोग, बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित कई रोगों की जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत लोगों को संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।विशेष रूप से किशोरियों एवं महिलाओं को आयरन युक्त आहार, हरी सब्जियों, फल एवं नियमित योग-व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई।

सभी लाभुकों को आवश्यक परामर्श के साथ-साथ निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
आयुष विभाग की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जिससे लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।




