मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लाभुकों की सूची को मिली मंजूरी।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित, पशुपालन एवं गव्य विकास योजनाओं की हुई समीक्षा।

साहिबगंज। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पात्र लाभुकों के चयन एवं अनुमोदन को लेकर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति (DLC) की बैठक उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं अस्वीकृत आवेदनों तथा प्रतीक्षा सूची की समीक्षा की गई। साथ ही, प्रखंड स्तरीय समितियों द्वारा अनुशंसित लाभुकों की समेकित सूची पर विचार-विमर्श के बाद उसे अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में गव्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें दो, पांच एवं दस दुधारू गाय-भैंस वितरण योजना, हस्तचालित एवं विद्युत चालित चारा कटर, मिल्किंग मशीन, पनीर एवं खोवा निर्माण मशीन, वर्मी कंपोस्ट, डीप बोरिंग तथा काउ मैट योजना शामिल हैं।

इसके अलावा पशुपालन विभाग के अंतर्गत संचालित बकरा विकास, सूकर विकास, बैकयार्ड लेयर एवं ब्रायलर कुक्कुट पालन, बत्तख चूजा वितरण और भेड़ पालन योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। संबंधित प्रखंडों से अनुशंसित लाभुकों की सूची पर चर्चा के बाद जिला स्तरीय समिति ने उसका अनुमोदन किया।
बैठक में ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ करने, पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया। इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों एवं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार झा सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




