तालपहाड़ी पंचायत में विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी, उप विकास आयुक्त ने दिए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश।
मनरेगा, आवास, कूप एवं आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, लाभुकों से भी की सीधी बातचीत।

लिट्टीपाड़ा पाकुड़। उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड की तालपहाड़ी पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं के तहत संचालित कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं, बिरसा हरित ग्राम योजना, कूप निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने योजनाओं की गुणवत्ता, कार्यों की प्रगति तथा लाभुकों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि मनरेगा के तहत संचालित योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही कूप निर्माण एवं आवास निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने योजनाओं के लाभुकों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी, अनुश्रवण एवं गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

इस अवसर पर परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान, बीपीओ मानिक दास, सहायक अभियंता साइमन हेम्ब्रम सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



