राजमहल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण संपन्न।
22 जुलाई की BLO एवं BLA-2 बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत सभी वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली BLO एवं BLA-2 की तृतीय बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देना तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करना था।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीओ सदानंद महतो ने कहा कि आगामी बैठक में वॉलंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि ASDDF (असंग्रणीय सूची) में शामिल मतदाताओं की सूची निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार तैयार कर बैठक में प्रस्तुत की जाएगी तथा उसका अनुमोदन कराया जाएगा।

उन्होंने सभी वॉलंटियर्स को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई बुकलेट में बैठक की कार्यवाही पूरी तरह शुद्ध, स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रूप से दर्ज की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीओ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की पूरी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वॉलंटियर्स द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रत्येक चरण को सरल भाषा में समझाया तथा सभी को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना प्रत्येक अधिकारी, कर्मी एवं वॉलंटियर की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ, निर्वाचन नोडल पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विवेक कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, गगन बापू सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं सभी वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।




