पाकुड़ जिले में आयुष स्वास्थ्य जांच शिविर: 390 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों का भी हुआ वितरण।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगे आयुष शिविरों में रक्तचाप, मधुमेह, गठिया सहित कई बीमारियों की जांच; ग्रामीणों ने पहल की सराहना।

पाकुड़। आयुष विभाग, पाकुड़ की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में व्यापक स्तर पर आयुष स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 390 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी जरूरतमंद लाभुकों को आवश्यक दवाइयाँ भी मुफ्त उपलब्ध कराई गईं।
यह स्वास्थ्य शिविर पाकुड़ प्रखंड के झिकरहट्टी एवं कालिकापुर, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के लिट्टीपाड़ा एवं धरमपुर, अमड़ापाड़ा प्रखंड के अमड़ापाड़ा एवं पकलो, पाकुड़िया प्रखंड के पाकुड़िया एवं खकसा तथा हिरणपुर प्रखंड के डुमरिया एवं मोहनपुर में आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अबु तालिब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास, डॉ. प्रेम प्रकाश, अफरोज आलम, डॉ. अशोक मेहता, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार यादव, डॉ. बीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, डॉ. लवकुश यादव एवं डॉ. कुलेश कुमार ने लाभुकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (डायबिटीज), जोड़ एवं गठिया संबंधी रोगों, बच्चों के सामान्य रोगों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की निःशुल्क जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ मुफ्त दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।

आयुष विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। शिविर में शामिल लोगों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन करने की मांग की।


