Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर पंचायत कार्यालय में दिव्यांगजनों को मिली ट्राइसाइकिल, जनप्रतिनिधियों ने आत्मनिर्भरता का दिया संदेश।

ट्राइसाइकिल पाकर खिले लाभुकों के चेहरे, विधायक प्रतिनिधि ने सुनी समस्याएं और हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मंगलवार को दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मो. केताबुद्दीन शेख एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू ने नगर पंचायत क्षेत्र के चयनित दिव्यांग लाभुकों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया।

ट्राइसाइकिल प्राप्त करते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि अब उनके दैनिक जीवन में आवागमन की कठिनाइयां काफी हद तक कम हो जाएंगी। बाजार, अस्पताल, बैंक तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मो. केताबुद्दीन शेख ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्राइसाइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान, स्वतंत्र जीवन और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने लाभुकों से ट्राइसाइकिल का समुचित उपयोग करने तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। लाभुकों ने ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मो. अब्दुल बारिक शेख सहित अन्य गणमान्य लोग एवं नगर पंचायत के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!