Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
बिहार

वनांचल एक्सप्रेस में सक्रिय मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, आरपीएफ सीआईबी मालदा की बड़ी कार्रवाई।

दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद, सोशल मीडिया वीडियो से हुई पहचान; पूर्व की स्नैचिंग की वारदात भी कबूली।

कहलगांव मालदा। रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी), मालदा ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने ट्रेन संख्या 13404 वनांचल एक्सप्रेस में सक्रिय एक मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ट्रेन में मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंगी कुमार मंडल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मिर्जापुर, शंकरपुर खवास, थाना घोघा, जिला भागलपुर (बिहार) का निवासी है।

आरपीएफ सीआईबी मालदा की टीम ने 6 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 13404 वनांचल एक्सप्रेस में नियमित निगरानी के दौरान कोच संख्या ए-2 में आरोपी को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पूछताछ के दौरान वह अपनी यात्रा से संबंधित कोई वैध टिकट अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे कहलगांव रेलवे स्टेशन पर उतारकर नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल फोन उसने ट्रेन में यात्रियों की जेब काटकर और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देकर हासिल किए थे। उसने यह भी कबूल किया कि 29 जून 2026 को ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में घोघा स्टेशन से ट्रेन खुलने के तुरंत बाद एक यात्री का मोबाइल फोन छीनकर चलती ट्रेन से फरार हो गया था।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वायरल हुए एक वीडियो से भी हुई। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक का हुलिया और गतिविधियां आरोपी से मेल खाने के बाद आरपीएफ को उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए।

आरपीएफ ने बरामद दोनों मोबाइल फोन विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे आरपीएफ पोस्ट कहलगांव को सौंप दिया।

इस मामले में जीआरपी भागलपुर ने 7 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन, पर्स एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं भी सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ अथवा रेलवे हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!