Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं को पोषण, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति किया जागरूक।

बोरियो के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम, माहवारी स्वच्छता पर दिया गया संदेश।

बोरियो साहिबगंज। बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत बालिकाओं के पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर बोरियो प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को गुड टच–बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण से बचाव, पोक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम सहित बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित विषयों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, दत्तक ग्रहण, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।

जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने छात्राओं को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में साहस के साथ अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण करते हुए स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए छात्राओं को नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण किया गया। इसके माध्यम से बालिकाओं के सम्मान, संरक्षण, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया। छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बेटियों के प्रति समाज की जिम्मेदारी के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मो. खालिद, संरक्षण पदाधिकारी गैर-संस्थागत देखरेख चंदा कुमारी एवं अमित कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!