Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित कारगिल दियारा पहुंचे एसडीओ, परिवारों के बीच बांटी राहत सामग्री।

चूड़ा, गुड़, बिस्किट और पेयजल का किया वितरण, अधिकारियों को सतत निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।

साहिबगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने शुक्रवार को गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कारगिल दियारा क्षेत्र का स्थल निरीक्षण करते हुए स्थानीय ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति, जलस्तर, आवागमन तथा आमजनों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बाढ़ की संभावित स्थिति के मद्देनजर प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के बीच आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री का वितरण भी किया गया। परिवारों को चूड़ा, गुड़, बिस्किट एवं पेयजल उपलब्ध कराया गया, ताकि विषम परिस्थितियों में उन्हें तत्काल राहत मिल सके।

एसडीओ ने क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर की स्थिति के साथ-साथ ग्रामीणों के आवागमन और दैनिक जीवन पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें और जलस्तर में होने वाले किसी भी बदलाव की तत्काल जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया जाए। यदि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो बिना किसी विलंब के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत सामग्री की उपलब्धता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित रखी जाएं। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतते हुए ग्रामीणों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू सहित संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।

प्रशासन की ओर से कहा गया कि गंगा नदी के जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। प्रशासन ने आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!