गांधी जयंती पर राजमहल की 23 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन।
ग्रामीण विकास, रोजगार और आजीविका योजनाओं पर हुई चर्चा, स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों के चयन पर जोर।

राजमहल साहिबगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजमहल प्रखंड की सभी 23 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वच्छता तथा भू-राजस्व विभाग के प्रखंड और पंचायत स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
विशेष ग्राम सभा का उद्देश्य ग्रामीणों को विकास योजनाओं से जोड़ना, स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं की पहचान करना तथा ग्रामीणों की भागीदारी से पंचायतों के समग्र विकास को गति देना रहा। ग्राम सभा में ग्रामीणों से उनकी प्राथमिकताओं और समस्याओं पर चर्चा कर विकास योजनाओं के चयन एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम सभा के दौरान विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) के तहत रोजगार, आजीविका और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों पर विशेष चर्चा हुई। पंचायत गुणिहारी में आयोजित ग्राम सभा में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, राजमहल गगन बापू ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा मौसम एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण और ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी।
विशेष ग्राम सभा में इस बात पर जोर दिया गया कि विकास योजनाएं केवल विभागीय स्तर पर तय न होकर ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप तैयार की जाएं। ग्रामीणों से सुझाव लेकर प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन करने तथा सामूहिक भागीदारी से योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल की गई।

अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। ग्राम सभाओं के माध्यम से जनभागीदारी, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयासों के जरिए गांवों को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने का संदेश दिया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से राजमहल प्रखंड की सभी 23 पंचायतों में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।



