प्रखंड स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 का भव्य आगाज, सेंट जोन बर्चमन्स स्कूल ने दोनों वर्गों में लहराया परचम।
मटियाल आउटडोर स्टेडियम में खेल भावना के साथ हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित।

राजमहल साहिबगंज। प्रखंड स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 का शुभारंभ शनिवार को मटियाल आउटडोर स्टेडियम में उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीपीओ) कुणाल किशोर, जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक तथा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, टीम भावना तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलता है।

इस प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
यू-12 बालिका वर्ग में सेंट जोन बर्चमन्स मिडिल स्कूल, मुंडली की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं यू-12 बालक वर्ग में भी सेंट जोन बर्चमन्स मिडिल स्कूल, मुंडली ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। यूएमएस जमालपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि यूएचएस जमनगर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में सेंट जोन बर्चमन्स मिडिल स्कूल की शानदार सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

समापन समारोह में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने विजेता, उपविजेता एवं अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ें तथा आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राजमहल प्रखंड और साहिबगंज जिले का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जगदेव महतो ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला, जिसने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।




