Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर निकायों की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा।

गंगा विहार पार्क की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और राजस्व संग्रहण पर विशेष जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में नगर परिषद साहिबगंज, नगर पंचायत राजमहल एवं नगर पंचायत बरहरवा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने गंगा विहार पार्क की साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क में नियमित सफाई, हरियाली और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों एवं पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके।

उपायुक्त ने नगर निकायों की स्वास्थ्य व्यवस्था, राजस्व संग्रहण, वाटर सप्लाई स्कीम, सीवरेज कनेक्शन तथा सैरात बंदोबस्ती से संबंधित कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए पेयजल एवं प्याऊ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने जनहित से जुड़ी आवश्यक योजनाओं के प्रस्ताव एवं प्राक्कलन जल्द तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित ठोस अवशिष्ट प्रबंधन योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा इनके त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान नगर निकायों की आय बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने आय के नए स्रोत विकसित करने, राजस्व संग्रहण में सुधार लाने तथा वित्तीय संसाधनों को मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में साहिबगंज नगर परिषद, राजमहल नगर पंचायत एवं बरहरवा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!