Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

तीनपहाड़ स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: चार शातिर चोर गिरफ्तार, ₹42,700 की संपत्ति बरामद।

ट्रेनों में जेबकतरी और बैग चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला कांस्टेबलों की सतर्कता से मिली सफलता।

बड़हरवा।रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा पाकुड़-भागलपुर रेलखंड पर लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा की टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस टीम में एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, कांस्टेबल अनिल कुमार साह, अमरेश कुमार, जय कुमार सिंह, सतीश कुमार, सीपीडीएस टीम मालदा के अमन कुमार मोदी, अमित कुमार यादव, जितेंद्र कुमार राम तथा महिला कांस्टेबल अर्पण कुमारी एवं काजल कुमारी शामिल थीं।

शाम करीब 6:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर कल्याणचक दिशा की ओर दो पुरुष और दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में बैठे पाए गए। पूछताछ के दौरान चारों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और टीम को गुमराह करने का प्रयास किया। उनके पास स्टेशन पर मौजूद रहने का कोई वैध कारण भी नहीं था, जिससे संदेह और गहरा गया।

इंस्पेक्टर के आदेश पर महिला आरपीएफ कर्मियों द्वारा दोनों महिलाओं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चम्पा देवी (33 वर्ष) एवं लक्ष्मी देवी (38 वर्ष), दोनों निवासी मिहिजाम, जिला जामताड़ा, के पास से एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा क्रमशः ₹3700 और ₹4000 नकद बरामद किए गए।वहीं, दोनों पुरुष—जोगेंद्र पासी (38 वर्ष) और सपन पासी (40 वर्ष)—की तलाशी में भी एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में चारों आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन और नकदी चोरी के हैं। उन्होंने बताया कि वे ट्रेनों में यात्रियों के चढ़ने-उतरने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी और बैग की चेन खोलकर चोरी करते थे। घटना के बाद वे कुछ समय के लिए क्षेत्र छोड़ देते थे और फिर माहौल सामान्य होने पर वापस लौटते थे।

Realme C-11 (रिच ग्रीन) – ₹9000, Redmi 8A (रॉयल ब्लू) – ₹7500, Redmi 12C (लाइट ग्रीन) – ₹9500, Oppo A83 (लाइट ब्लू) – ₹9000, नकद राशि – ₹7700, कुल अनुमानित मूल्य: ₹42,700

बरामद सभी सामान को विधिवत गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया और चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

आरपीएफ बड़हरवा द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों एवं जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बड़हरवा को सुपुर्द कर दिया गया।

इसके बाद दिनांक 29 अप्रैल 2026 को जीआरपीएस बड़हरवा द्वारा कांड संख्या 19/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) एवं 03(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। लगातार चल रहे अभियान से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

यात्रियों से अपील है कि वे अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!