झारखंड

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राजमहल विधायक ने 50 टीबी मरीजों को लिया गोद, पोषण किट का किया वितरण।

अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मरीजों को पौष्टिक आहार, नियमित दवा सेवन और उपचार जारी रखने के प्रति किया गया जागरूक।

राजमहल साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल में टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने और बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने 50 टीबी मरीजों को गोद लेते हुए उनके बीच पोषण किट का वितरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर पौष्टिक आहार, नियमित दवा और परिवार व समाज का सहयोग मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं सक्षम लोगों से टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही कहा कि टीबी मरीजों के साथ भेदभाव करने के बजाय उन्हें सम्मान और सहयोग देना चाहिए।

जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. किरण माला ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन इसका पूर्ण उपचार संभव है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना अथवा भूख नहीं लगने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की जांच एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। मरीजों को निर्धारित अवधि तक नियमित दवा का सेवन करना चाहिए और बीच में उपचार बंद नहीं करना चाहिए। उन्होंने सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों से भी अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने की अपील की।

अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग टीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। अस्पताल के माध्यम से मरीजों को जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने नियमित दवा सेवन, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक भोजन को शीघ्र स्वस्थ होने के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही समाज से टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने तथा उपचार की पूरी अवधि तक स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहने की सलाह दी गई। संबंधित क्षेत्र की सहियाओं को मरीजों का नियमित फॉलोअप करने और उनकी दवा एवं पोषण संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, जिला यक्ष्मा विभाग के डीपीसी, पीपीएम, बीपीएम अमित कुमार, एसटीएस संजय यादव, एसटीएलएस, क्षेत्र की सहियाएं तथा अनुमंडलीय अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!