झारखंड

बिरसा मुंडा की जयंती पर खरदांग में फुटबॉल टूर्नामेंट एवं मेले का आयोजन, सांसद-विधायक ने किया उद्घाटन।

सांसद विजय कुमार हांसदा और विधायक एमटी राजा ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित।

उधवा साहिबगंज। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत खरदांग मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट एवं पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया। इस अवसर पर आयोजन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद एवं विधायक द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खरदांग का यह मेला वर्षों से आयोजित होता आ रहा है और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपरा का प्रतीक है। समय के साथ इस मेले का स्वरूप और विस्तार हो रहा है, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

इसके पश्चात सांसद एवं विधायक ने फुटबॉल टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। वहीं, बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर उधवा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांव की परंपरा, विरासत और संस्कृति को अनुशासन के साथ बनाए रखने में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेम्बरम, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयुब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, काजू मल्लिक, किन्नू सोरेन, भैया किस्कू, बसंती हांसदा, रानी हांसदा, स्टेशलिना सोरेन, सकल हेम्बरम सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!