झारखंड

ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन मोबाइल बरामद।

आरपीएफ की विशेष जांच अभियान में मिली सफलता, ₹65,099 मूल्य के तीन सैमसंग मोबाइल जब्त; दोनों आरोपियों को जीआरपी बड़हरवा को सौंपा गया।

बड़हरवा साहिबगंज। ट्रेन में यात्रियों के सामान और मोबाइल फोन की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के तीन सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 65,099 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को आरपीएफ इंस्पेक्टर बड़हरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा एवं आरपीएफ सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों से संबंधित अपराधों, विशेषकर चोरी, तस्करी एवं मानव तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाना था।

इसी दौरान रात करीब 10:05 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 के साहिबगंज छोर पर दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। तलाशी लेने पर उनके पास से सैमसंग कंपनी के तीन पुराने एवं इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उनकी पहचान बाबलू कुमार 26 वर्ष, पिता पप्पू साह, निवासी ममलखा, थाना सबौर, जिला भागलपुर तथा आदित्य कुमार 19 वर्ष, पिता विनोद मंडल, निवासी रामपुर ममलखा, थाना सबौर, जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद तीनों मोबाइल ट्रेन संख्या 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर में यात्रा कर रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे। बाबलू कुमार ने तिनपहाड़ स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद जनरल कोच से दो मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की, जबकि आदित्य कुमार ने बड़हरवा स्टेशन पर ट्रेन खड़ी रहने के दौरान जनरल कोच में एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था।

इसके बाद आरपीएफ टीम ने तीनों मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से यात्रियों के मोबाइल एवं बैग चोरी करने जैसी अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता की बात बताई।

आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान के लिए दोनों आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों के साथ जीआरपी बड़हरवा को सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में जीआरपी बड़हरवा में कांड संख्या 62/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस विशेष अभियान में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा के एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, कांस्टेबल अमित धर चौधरी, कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह तथा आरपीएफ सीआईबी मालदा के एएसआई रवि शंकर यादव एवं हेड कांस्टेबल एस. मोदीया शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!