झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ अभियान आयोजित।
सखी मंडल की दीदियों ने जिलेभर में किया पौधारोपण, पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिला प्रशासन, साहिबगंज एवं जिला मिशन प्रबंधन इकाई (DMMU), पलाश-जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पलाश-जेएसएलपीएस से जुड़ी प्रत्येक सखी मंडल की दीदियों ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सखी मंडल की दीदियों ने अपने-अपने गांवों में सामुदायिक भवनों एवं समूह के आसपास उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया। अभियान के तहत पौधारोपण की तस्वीरें लेकर जिला कार्यालय के साथ साझा की गईं।
इस अवसर पर सखी मंडल की दीदियों ने कहा कि एक पौधा धरती मां और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए उनका योगदान है। उन्होंने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करेंगी, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

जिला प्रशासन एवं पलाश-जेएसएलपीएस के पदाधिकारियों ने कहा कि सखी मंडल की दीदियां आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ अभियान हरित झारखंड और स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय सामूहिक पहल है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, संकुल स्तरीय संगठनों (CLF), विभिन्न कैडर एवं सखी मंडल की दीदियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



