Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

जल जीवन मिशन की योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने की पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर दिया जोर।

साहिबगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना, बल्क वाटर सप्लाई योजना, एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों से योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि पेयजलापूर्ति योजनाएं आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी हैं। इसलिए इनके कार्यान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं को समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य संपन्न कराने पर जोर दिया। साथ ही कार्यस्थलों की नियमित निगरानी एवं योजनाओं की प्रगति का लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समय रहते समाधान करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनकी नियमित समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह, संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!