Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में भव्य ‘योगोत्सव’ का आयोजन, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग।

स्वस्थ तन-मन के लिए योग को अपनाने का संदेश, मोबाइल नशे से दूर रहने की अपील।

राजमहल साहिबगंज। स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) के सौजन्य से मैटी अल्टरनेटिव मेडिकल काउंसिल, नई दिल्ली द्वारा 76वें काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को राजमहल स्थित +2 जे.के. उच्च विद्यालय परिसर में भव्य “योगोत्सव” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अभिजीत कुमार, मॉडर्न कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, मुस्कान कनोडिया, वरिष्ठ शिक्षक मो. अरशाद आलम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर राजमहल के योग प्रशिक्षक परमानंद मंडल, काउंसिल के निदेशक डॉ. सुभाष कुमार विद्यार्थी, योग प्रशिक्षक डॉ. सुधांशु कुमार एवं उपनिदेशक डॉ. पुष्पराज कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर करीब 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को सूक्ष्म आसन, कटि आसन, त्रिकोणासन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, वज्रासन, स्कंधासन, ग्रीवा चालन एवं शशकासन का अभ्यास कराया। साथ ही ज्ञान मुद्रा, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से मोबाइल के अत्यधिक उपयोग (मोबाइल नशा) से दूर रहकर योग और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

इस दौरान प्रतिभागियों को 14 दिनों का निःशुल्क ऑनलाइन योग प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 18003157008 पर मिस्ड कॉल करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं शिक्षकों को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त “सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए योग” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों एवं योग गुरुओं ने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।

पूर्व में आयोजित योग जागरूकता लेख प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लगभग 450 प्रतिभागियों के परिणाम भी घोषित किए गए तथा सभी को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को एक नई दिशा देते हुए ‘हरित योग’ के तहत विद्यालय परिसर में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से कई औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया।

यह योगोत्सव न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रसारित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!