आमजनों की समस्याओं से रूबरू हुईं उपायुक्त, त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश।
जनता दरबार में सुनी गईं दर्जनों शिकायतें, एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश।

पाकुड़। जिले में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में उपायुक्त ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की बातें गंभीरता से सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कराकर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याएं, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मामले, रसोई गैस की अनियमित आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। कई आवेदनों में बुनियादी सुविधाओं, सरकारी योजनाओं के लाभ और स्थानीय स्तर की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का भौतिक सत्यापन करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्ती से कहा कि सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाते हैं।

जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि आमजनों की समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।




