अमड़ापाड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत चला स्वच्छता का महाअभियान।
जल सहियाओं और ग्रामीणों ने श्रमदान कर पार्क, दुर्गा मंदिर परिसर एवं सीढ़ी घाट की सफाई की, स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प।

अमड़ापाड़ा पाकुड़। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में विशेष सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पाकुड़ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पार्क, दुर्गा मंदिर परिसर एवं मंदिर स्थित सीढ़ी घाट की साफ-सफाई कर आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह, जिला समन्वयक इमरान आलम, जल सहियाएं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अधिकारियों, जल सहियाओं आशा देवी, मेरीलीना हेम्ब्रम, रीता देवी सहित अन्य सहभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर, पार्क एवं सीढ़ी घाट में फैले कचरे की सफाई की।
श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह एवं जिला समन्वयक इमरान आलम ने जल सहियाओं तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के उचित निस्तारण तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने प्रत्येक वर्ष 100 घंटे अर्थात प्रति सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने, स्वयं गंदगी नहीं फैलाने और दूसरों को भी गंदगी फैलाने से रोकने तथा कम से कम 100 अन्य लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज का निर्माण संभव है।




