SIR-2026 की समीक्षा बैठक में उपायुक्त मेघा भारद्वाज के सख्त निर्देश।
प्रत्येक बूथ से न्यूनतम 20 फॉर्म-6 संग्रहित कर 30 सितंबर तक ऑनलाइन अपलोड करें : उपायुक्त।

पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—04-लिट्टीपाड़ा, 05-पाकुड़ एवं 06-महेशपुर के बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथवार फॉर्म संग्रहण, ऑनलाइन अपलोडिंग, अनमैप्ड मतदाताओं तथा लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कम प्रगति वाले बूथों पर फॉर्म संग्रहण एवं ऑनलाइन अपलोडिंग में तेजी लाने का निर्देश संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ से न्यूनतम 20 फॉर्म-6 संग्रहित कर 30 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन अपलोड किए जाएं।
उन्होंने कहा कि केवल फॉर्म संग्रहित करना पर्याप्त नहीं है। प्राप्त फॉर्मों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन अपलोडिंग सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। सभी बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा लंबित प्रपत्रों का संग्रहण कर समय पर अपलोडिंग पूरी करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने SIR प्रक्रिया के तहत तैयार किए जाने वाले नोटिस को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई एवं नोटिस की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी कार्यों का अद्यतन एवं व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में जनजातीय क्षेत्रों के अनमैप्ड मतदाताओं एवं लंबित प्रपत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर को ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार कर घर-घर संपर्क करने तथा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनकी प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से उन मतदाताओं से संपर्क करने को कहा, जो रोजगार अथवा अन्य कारणों से अपने गांव से बाहर हैं। ऐसे मतदाताओं के परिवारजनों एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने एवं प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ सुपरवाइजर को अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी एवं बूथवार समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर 2026 तक फॉर्म संग्रहण, ऑनलाइन अपलोडिंग, नोटिस अपलोडिंग तथा अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान एवं मैपिंग से संबंधित सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ तथा निर्वाचन कार्यालय के कर्मी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।



