बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की तत्परता, एंबुलेंस मोटर नाव बनी जीवनरक्षक सेवा।
रामपुर दियारा से गर्भवती महिला को सुरक्षित साहिबगंज लाकर सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती, 24×7 आपातकालीन सेवाओं पर प्रशासन का जोर।

साहिबगंज। बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एंबुलेंस मोटर नाव का संचालन किया जा रहा है। विषम परिस्थितियों में यह सेवा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है।
इसी क्रम में आज रामपुर दियारा क्षेत्र से एक गर्भवती महिला को एंबुलेंस मोटर नाव के माध्यम से सुरक्षित रूप से साहिबगंज लाया गया। इसके बाद महिला को तत्काल सदर अस्पताल, साहिबगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक चिकित्सा सुविधा और देखभाल प्रदान की जा रही है।
बाढ़ के कारण सड़क एवं अन्य सामान्य परिवहन व्यवस्थाओं के प्रभावित होने के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एंबुलेंस मोटर नाव के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों तक भी चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा रही है, जहां बाढ़ के कारण आवागमन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24×7 आपातकालीन सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और त्वरित राहत व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ की कठिन परिस्थितियों में भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आपदा की स्थिति में जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।



