Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में तेजी, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कई मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।

बीएलओ को 12 जुलाई तक सभी पात्र मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश, बीएलओ ऐप में समयबद्ध अद्यतन पर भी दिया जोर।

साहिबगंज। जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने 02-बोरियो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बोरियो प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या-68 तथा 03-बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बरहेट प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या-158, 175 एवं 188 का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बीएलओ ऐप में दर्ज की जा रही प्रविष्टियों का भी अवलोकन किया तथा अद्यतन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर से अभियान की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 12 जुलाई 2026 तक जिले के सभी पात्र मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बीएलओ ऐप में सभी आवश्यक प्रविष्टियों का अद्यतन भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या विलंब न हो।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी शुद्धता एवं अद्यतनता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए अभियान को समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन, सटीक एवं विश्वसनीय बन सके।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर उपलब्ध कराएं तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!