अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों में दिखा खेल भावना का उत्साह, कबड्डी प्रतियोगिता में 12 टीमों ने लिया हिस्सा।
रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में दो दिवसीय खेल कार्यक्रम का शुभारंभ, उप विकास आयुक्त ने खिलाड़ियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ।

पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, पाकुड़ के तत्वावधान में रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में दो दिवसीय खेल कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओलंपिक खेल विश्व का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ है, जो अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उप विकास आयुक्त ने जिले के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का मार्ग निरंतर अभ्यास, धैर्य, अनुशासन और समर्पण से होकर गुजरता है। यदि खिलाड़ी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ें, तो वे भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी खिलाड़ियों को नशा न करने की शपथ दिलाई और जिला पाकुड़ को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और नशा एक-दूसरे के विपरीत हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण के लिए युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिए तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा जिले में खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाना है।

खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और प्रेरणादायक बना दिया। आगामी दिनों में भी विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे।

