राजमहल में नशा मुक्ति अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प।
पलाश झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तत्वावधान में आयोजित रैली में GCRP, सखी मंडल सदस्यों एवं प्रखंड कर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग।

राजमहल साहिबगंज ।पलाश झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) राजमहल के तत्वावधान में मंगलवार को नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत प्रखंड परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाना तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
रैली का शुभारंभ प्रखंड कार्यालय, राजमहल से किया गया। इस अवसर पर जीसीआरपी (GCRP), सखी मंडल के सदस्यगण एवं प्रखंड स्तरीय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त समाज हमारा सपना”, “स्वस्थ परिवार, नशा से इंकार” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। जागरूकता रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी, जहां लोगों को शराब, तंबाकू तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।

सखी मंडल के सदस्यों एवं जीसीआरपी प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों एवं युवाओं को नशा मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंधों तथा भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए नशा उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।
प्रखंड स्तरीय कर्मियों ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ। यह जागरूकता रैली आमजन के बीच नशे के प्रति चेतना जगाने तथा सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल साबित हुई। उपस्थित लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज हित में अत्यंत आवश्यक कदम बताया।


