Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में JPSC प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर प्रशासन सतर्क, सफल संचालन हेतु उच्चस्तरीय तैयारी बैठक आयोजित।

13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, 3653 अभ्यर्थी होंगे शामिल — निष्पक्ष व कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के निर्देश।

साहिबगंज। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार, साहिबगंज में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने की।

बैठक में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल-सह-उड़नदस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सभी परीक्षा केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। उपायुक्त हेमंत सती ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 का कड़ाई से पालन कराने एवं अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ आसपास के होटल एवं लॉज की सघन जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।

यह परीक्षा साहिबगंज जिला मुख्यालय के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसेफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल एवं पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ शामिल हैं।

परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा प्रथम पाली: पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक द्वितीय पाली: अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक इस परीक्षा में कुल 3653 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा 16 पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी,06 जोनल सह उड़नदस्ता दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके अतिरिक्त, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द को विधि-व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा को नोडल पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत को वरीय प्रभारी नियुक्त किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा का आयोजन सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!