Census 2027 को जनभागीदारी अभियान बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की बड़ी पहल।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने एलईडी जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 15 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन करने की अपील।

साहिबगंज। समाहरणालय परिसर में शनिवार को Census 2027 के अंतर्गत आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि जनगणना को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा तथा नागरिकों को Self Enumeration यानी स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करेगा। वाहन के माध्यम से लोगों को जनगणना प्रक्रिया, उसके महत्व तथा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आगामी 15 मई 2026 तक निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपने household की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें। उन्होंने कहा कि Self Enumeration की सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनेगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से जनगणना कार्य में तेजी आएगी तथा आंकड़ों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें, ताकि जनगणना कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास एवं रोजगार जैसी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में जनगणना के आंकड़े आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराए।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी Census 2027 के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल होगा और जिले में जनगणना का कार्य बेहतर तरीके से संपन्न हो सकेगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




