जन समाधान दिवस में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश।
आवेदनों की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, लापरवाही पर जताई सख्ती।

पाकुड़। समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस के दौरान नागरिकों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें पत्थर खदानों में हाइवा वाहनों के परिचालन से ग्रामीण पीसीसी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने, आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित समस्याएं तथा पेंशन एवं अन्य अधिकारों से जुड़े मामले प्रमुख रहे। एक आवेदिका ने पति की सर्विस बुक में अपना नाम दर्ज होने के बावजूद दूसरी पत्नी के नाम पर कथित रूप से गलत दस्तावेज तैयार कर राशि के भुगतान और स्वयं को पेंशन सहित अन्य अधिकारों से वंचित किए जाने की शिकायत भी रखी।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच तथ्यों एवं नियमानुसार करने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आवेदकों को उनके मामलों की प्रगति एवं निष्पादन की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इस पहल के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं, जिससे शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक न्याय, सुविधा एवं सरकारी सेवाओं की समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना है। जन समाधान दिवस इसी उद्देश्य को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।




