Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहेट में उर्वरक दुकानों पर संयुक्त प्रवर्तन दल का औचक निरीक्षण।

किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने एवं कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सख्त।

बरहेट साहिबगंज। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त साहिबगंज के निर्देशानुसार गठित संयुक्त प्रवर्तन दल (Joint Enforcement Team) द्वारा बरहेट प्रखंड के विभिन्न उर्वरक एवं कृषि आदान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान साह कृषि केन्द्र, राजकुमार डोकानिया एवं मोदी फर्टिलाइजर सहित तीन प्रतिष्ठानों में स्टॉक सूची, दर तालिका, उर्वरक स्टॉक पंजी, बिक्री पंजी, गोदाम तथा पीओएस मशीन में उपलब्ध अभिलेखों का गहन सत्यापन किया गया।

इसके साथ ही गोदाम में उपलब्ध उर्वरकों का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों से उनका मिलान भी किया गया।

संयुक्त प्रवर्तन दल ने सभी दुकानदारों को प्रतिदिन अद्यतन दर सूची एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी दुकान के बाहर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।

साथ ही निर्देशित किया गया कि उर्वरकों की खरीद केवल सरकार द्वारा अधिकृत थोक विक्रेताओं से ही की जाए तथा उर्वरकों का विक्रय केवल किसानों को ही सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा गैर-कृषि कार्यों में उपयोग पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में प्रतिष्ठानों में उपलब्ध कीटनाशकों एवं अन्य कृषि रसायनों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने उनकी समाप्ति तिथि (Expiry Date) का सत्यापन किया।

दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों एवं महिलाओं को पेस्टिसाइड का विक्रय न किया जाए।

दल द्वारा बिक्री हेतु उपलब्ध विभिन्न प्रकार के बीजों का निरीक्षण कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही उर्वरकों के नमूने भी जांच हेतु संकलित कर प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने कहा कि जांच प्रतिवेदन में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा अमानक गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त प्रवर्तन दल में अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज, जिला कृषि पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, बरहेट शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!