Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बिशनपुर उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

बालिकाओं को सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मरक्षा एवं सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, माहवारी स्वच्छता और नशा मुक्ति का भी दिलाया गया संकल्प।

पतना साहिबगंज। बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनकी शिक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से पतना प्रखंड अंतर्गत श्रीमती गंगिया दामिन +2 उच्च विद्यालय, बिशनपुर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं मजबूत संरक्षण प्राप्त करना उसका मौलिक अधिकार है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से बच्चों के हितों की रक्षा के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में साहसपूर्वक सामना करने, आत्मनिर्भर बनने तथा आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मविश्वासी बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें गुड टच-बैड टच, बाल विवाह एवं बाल श्रम निषेध, यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम के बारे में जागरूक किया गया।

इसके अलावा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर तथा दत्तक ग्रहण (एडॉप्शन) की प्रक्रिया सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इसके साथ ही किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) के प्रति जागरूक किया गया तथा झिझक छोड़कर स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्ति का भी संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सी-3 मोहम्मद खालिद, गैर-संस्थागत देखरेख संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी, चाइल्डलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल तथा मंथन संस्था की सामाजिक कार्यकर्ता आराधना मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!