जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर जीरो टॉलरेंस।
उपायुक्त श्री दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय NCORD समिति की समीक्षा बैठक संपन्न।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाना तथा मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना था।
बैठक में उपायुक्त ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस दिशा में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी।
उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध मादक पदार्थों, जैसे गांजा, अवैध कफ सिरप एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए सघन एवं औचक छापेमारी अभियान चलाया जाए।
उन्होंने औषधि निरीक्षक को मेडिकल दुकानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए।
बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस विभाग को ऐसे अपराधियों की पहचान कर PIT-NDPS Act के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, +2 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जन-जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं और छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों के निर्धारित दायरे में आने वाले सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं दुकानों से स्व-घोषणा पत्र भरवाया जाए कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं कर रहे हैं।
बैठक में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों, विशेषकर दियारा क्षेत्रों एवं फेरी सेवाओं के माध्यम से संभावित अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल प्रशासन को आसूचना तंत्र के आधार पर लगातार औचक निरीक्षण करने को कहा गया।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को जिले के +2 उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में Local Influencers की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं तक सकारात्मक संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों में NMBA के तहत QR Code एवं ब्रांडिंग प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता साहिबगंज, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज एवं राजमहल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साहिबगंज एवं राजमहल, सामान्य शाखा पदाधिकारी, औषधि निरीक्षक सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

