Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने सदर अस्पताल का किया व्यापक निरीक्षण।

स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए दिए कई अहम निर्देश, मरीजों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं।

साहिबगंज। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने आज सदर अस्पताल का व्यापक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सीय व्यवस्थाओं, उपकरणों तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत उपायुक्त ने DEIC भवन में संचालित बाह्य रोगी विभाग (OPD) से की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा NCD काउंटर पर संचालित कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं और हो रही परेशानियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।

दंत विभाग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपलब्ध डेंटल उपकरणों की कार्यशीलता का निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अनुमंडल अस्पताल राजमहल में डेंटल इक्विपमेंट उपलब्ध कराने हेतु आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।

उपायुक्त ने जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए लंबित एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया को और सरल एवं त्वरित बनाने के निर्देश दिए ताकि आमजनों को समय पर सेवा मिल सके।

वहीं आयुष्मान केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक ने जानकारी दी कि प्रतिदिन लगभग 20 से 30 क्लेम किए जाते हैं तथा राज्य स्तर से नियमित अनुश्रवण किया जाता है।

नेत्र रोग विभाग में उपायुक्त ने मशीनों की कार्यशीलता, मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क चश्मों तथा प्रतिमाह किए जाने वाले नेत्र ऑपरेशन की जानकारी प्राप्त की।फिजियोथेरेपी विभाग के निरीक्षण के दौरान Physiotherapy Diathermy Machine खराब पाई गई। इस पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को मशीन की शीघ्र मरम्मत कराने तथा मरम्मत संभव नहीं होने पर नई मशीन क्रय करने का निर्देश दिया।

OPD रजिस्ट्रेशन काउंटर पर केवल दो टेबलों पर कार्य संचालित होते पाए जाने पर उपायुक्त ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो अतिरिक्त टेबल शुरू करने तथा अतिरिक्त कर्मियों की सेवा नियमानुसार प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

दवा वितरण काउंटर के निरीक्षण में वर्तमान में केवल दो फार्मासिस्ट कार्यरत पाए गए। कार्यभार एवं मरीजों की संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने आयुष्मान मद से एक अतिरिक्त फार्मासिस्ट की नियुक्ति करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने ड्रेसिंग रूम एवं ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण करते हुए मरीजों की सुविधा के लिए ट्रॉमा सेंटर में एयर कंडीशनर (AC) लगाने का निर्देश दिया।उन्होंने OPD में चिकित्सकों की उपस्थिति, ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त, दवाइयों तथा बेड की स्थिति को डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, एक्स-रे वार्ड एवं Central Lab का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यरत मशीनों की जानकारी ली तथा विभिन्न प्रकार की जांचों की निर्धारित दरों का अवलोकन किया।अल्ट्रासाउंड विभाग में प्रतिदिन लगभग 30 अल्ट्रासाउंड किए जाने की जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने बाल चिकित्सा विभाग, बाह्य रोगी विभाग, विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) एवं प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान Modular Eye O.T. का भी जायजा लिया गया, जहां बताया गया कि ऑपरेशन थिएटर पूरी तरह कार्यशील है।

वृद्धावस्था वार्ड एवं बर्न वार्ड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बर्न वार्ड में नर्सिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि गंभीर मरीजों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित हो सके।

ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने Donor Collection Room एवं Blood Storage Room का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन CCU (Critical Care Unit) का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में सदर अस्पताल परिसर स्थित पुराने दीप आई भवन का भी अवलोकन किया गया। इस संबंध में सिविल सर्जन ने बताया कि उक्त भवन नगर परिषद साहिबगंज का है तथा उसमें OPD संचालित करने का प्रस्ताव है, किंतु अब तक भवन का हैंडओवर नहीं किया गया है। इस पर उपायुक्त ने नगर परिषद साहिबगंज से शीघ्र पत्राचार कर हैंडओवर प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम भगत, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान सहित चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!