झारखंड

साहिबगंज महाविद्यालय की प्लेटिनम जुबली समारोह को लेकर अहम बैठक आयोजित।

दो दिवसीय आयोजन में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी शामिल।

साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले प्लेटिनम जुबली समारोह की तैयारियों को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

आयोजन समिति के समन्वयक एवं इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार यादव ने दो दिवसीय समारोह के अंतर्गत आयोजित होने वाले शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक में सूर्या नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज के प्रबंधक डॉ. विजय कुमार ने सुझाव दिया कि समारोह के प्रचार-प्रसार के लिए पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं की ओर से सद्भावना यात्रा निकाली जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंच सके।

प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, झारखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण भेजने की पहल की गई है। उन्होंने समारोह में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।

मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति सिंह ने महाविद्यालय में अपनी सेवाएं दे चुके सेवानिवृत्त प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों से मार्गदर्शन लेने का सुझाव दिया। वहीं, अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने भाषण, क्विज एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन से संबंधित जानकारी साझा की।

बैठक में महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र संजय पटेल, मुकेश कुमार, विवेक सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रूपा, वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं सोशल मीडिया प्रभारी प्रो. कोमल कुमारी तथा बीएड विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. नितिन कुमार घोष उपस्थित रहे।

बैठक में समारोह को यादगार बनाने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!