झारखंड

साहिबगंज के सभी मतदान केंद्रों पर आज लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप, मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान।

SIR-2026 के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण, लंबित नोटिस मामलों के निष्पादन और नाम-पते की त्रुटियों में सुधार के लिए मिलेगी सहायता; उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने राजनीतिक दलों एवं बीएलए से सक्रिय सहयोग की अपील की।

साहिबगंज। मतदाता सूची को अद्यतन करने, पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर 2026 को साहिबगंज जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत आयोजित इस अभियान में नए मतदाताओं के पंजीकरण, लंबित नोटिस मामलों के निष्पादन, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी तथा मतदाता सूची में नाम एवं अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए नागरिकों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, सचिवों एवं बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) के साथ बैठक हुई। बैठक में कैंप की तैयारियों और प्रभावी संचालन को लेकर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

कैंप के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है। विशेष रूप से उन युवाओं पर ध्यान दिया जाएगा, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हुए हैं। ऐसे पात्र युवाओं को प्रपत्र-6 भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी। प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके पात्र प्रवासी मतदाताओं को भी चिह्नित कर नियमानुसार आवेदन प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

SIR-2026 के तहत No Mapping और Anomalies से संबंधित जिन मामलों में नोटिस जारी होने के बावजूद आवश्यक दस्तावेजों के साथ जवाब जमा नहीं किया गया है, उन्हें कैंप में चिह्नित किया जाएगा। संबंधित मतदाताओं को दस्तावेजों की जानकारी, सत्यापन और लंबित प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग दिया जाएगा। वर्ष 2024 की मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद सुनवाई में शामिल नहीं हो सके मतदाताओं के मामलों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।

वर्ष 2026 की मतदाता सूची में नाम अथवा अन्य प्रविष्टियों से संबंधित त्रुटियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले, लेकिन अब तक प्रपत्र-8 जमा नहीं करने वाले मतदाताओं को भी कैंप में सहायता दी जाएगी। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित निर्वाचन कर्मी नागरिकों को आवश्यक प्रपत्रों और दस्तावेजों की जानकारी देंगे, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराया जा सके।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी बीएलए-1 से अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित कैंप में पहुंचने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया। साथ ही, बीएलए-1 से अपने-अपने क्षेत्रों के बीएलए-2 को भी No Mapping और Anomalies से जुड़े लंबित मामलों में मतदाताओं की सहायता के लिए आवश्यक निर्देश देने को कहा गया।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक पात्र व्यक्ति प्रपत्र-6 एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचें। वहीं, सूची में दर्ज प्रविष्टियों में सुधार कराने वाले मतदाता प्रपत्र-8 से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें। अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों को पंजीकरण एवं सुधार की सुविधा उपलब्ध कराना और मतदाता सूची से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!