03 मई को होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश।
तीन परीक्षा केंद्रों पर 628 परीक्षार्थी होंगे शामिल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कदाचार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

साहिबगंज। जिला प्रशासन ने आगामी रविवार को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, साहिबगंज में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से 05:00 बजे तक जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें कुल 628 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रशासन की ओर से परीक्षा की निगरानी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 06 स्टैटिक दंडाधिकारी, 03 उड़नदस्ता दंडाधिकारी तथा 01 गश्ती दल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, संपूर्ण परीक्षा व्यवस्था के वरीय पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, पुलिस बल के साथ महिला बल की तैनाती करने तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू रहेगी। केंद्रों के 500 गज की परिधि में अनावश्यक भीड़, किसी भी प्रकार की सामग्री वितरण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षार्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा ही की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा के दिन जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा जाएगा, जिससे संपूर्ण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा सके। वरिष्ठ पदाधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उपायुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कदाचार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी परीक्षार्थी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



