जिला स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश, गुणवत्ता सुधार पर जोर।
कायाकल्प योजना का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, खराब एम्बुलेंस की तुरंत मरम्मत और सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी वेनम व एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने का निर्देश।

साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स (DTF) की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों में आ रही कमियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री कायाकल्प योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कायाकल्प योजना के सभी निर्धारित मापदंडों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता में ठोस सुधार लाया जा सके।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राज्य योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्यरत मानव संसाधनों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति, कार्यक्षमता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले में संचालित सरकारी एम्बुलेंस, 108 एम्बुलेंस तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत उपलब्ध वाहनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खराब पड़ी सभी एम्बुलेंसों की अविलंब मरम्मत कर उन्हें शीघ्र सेवा में लगाया जाए, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान एएनसी (ANC) रजिस्ट्रेशन में साहिबगंज सदर की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी को जमीनी स्तर पर कार्य कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा OGTT, टीबी उन्मूलन, संस्थागत प्रसव (Institutional Deliveries) तथा जन्म के तुरंत बाद दिए जाने वाले टीकाकरण (Birth Dose) की भी विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों (MOIC) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करें और अगली बैठक में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
साथ ही, सभी सीएचसी एवं पीएचसी में एंटी वेनम तथा एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।


