स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु” अभियान को सफल बनाने हेतु जिला स्तरीय जूम बैठक आयोजित।
विश्व पर्यावरण दिवस पर 05 जून को विशेष ग्राम सभाओं के साथ होगा अभियान का समापन।

पाकुड़। पंचायती राज विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 01 जून से 05 जून 2026 तक चलाए जा रहे “स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु” अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय जूम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त-सह-स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के नोडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में ग्रामीण स्थानीय निकायों की जिम्मेदारियों की जानकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है तथा जनसहभागिता के माध्यम से अभियान को व्यापक सफलता दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक परिवार स्तर पर कचरे का चार श्रेणियों में पृथक्करण सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करना, कचरा डंप स्थलों का सूचीकरण, बल्क वेस्ट जेनरेटर (BWG) की पहचान, उनका पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीण समुदाय के समन्वित प्रयासों से जिले को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।
उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
अभियान की प्रमुख गतिविधियां, 02 जून 2026 स्थल भ्रमण सत्यापन कार्य, ग्राम पंचायत स्तर पर मूल्यांकन
03 जून 2026, ग्रामीणों के साथ परामर्श बैठक, बल्क वेस्ट जेनरेटर (BWG) की पहचान
04 जून 2026, स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम, हरित ग्राम अभियान का आयोजन
05 जून 2026 – विश्व पर्यावरण दिवस, विशेष ग्राम सभा, जनजागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता शपथ।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पाकुड़ अनंत प्रसाद सिंह तथा जिला समन्वयक सुमन कुमार मिश्रा ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। साथ ही आगामी कार्ययोजना एवं अभियान की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड समन्वयक, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, मुखिया सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


