साहिबगंज की पंचायतों का राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित
उधवा, बरहरवा, साहिबगंज और राजमहल प्रखंड की पंचायतों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान, विकास की नई मिसाल कायम।

साहिबगंज, झारखंड।साहिबगंज जिला प्रशासन द्वारा पंचायतों को सुदृढ़ बनाने और जन-सुविधाओं में सुधार हेतु किए गए निरंतर प्रयासों को राज्य स्तर पर बड़ी सराहना मिली है। शुक्रवार को रांची स्थित इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के अंतर्गत जिले की विभिन्न पंचायतों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान न केवल संबंधित पंचायतों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना है।

प्रखंड उधवा पंचायत दक्षिण पलाशगाछी पुरस्कार राशि ₹10 लाख दक्षिण पलाशगाछी पंचायत को उसके समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले की सर्वश्रेष्ठ पंचायत घोषित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा पंचायत के मुखिया और पंचायत सचिव को ₹10 लाख का चेक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रखंड बरहरवा पंचायत दरियापुर पुरस्कार राशि ₹10 लाख, दरियापुर पंचायत को स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार और स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के लिए यह विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। ग्रामीण विकास मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

उत्कृष्ट जन-भागीदारी और प्रभावी ग्राम सभा संचालन हेतु चयनित पंचायतें, प्रखंड साहिबगंज, पंचायत गंगा प्रसाद पश्चिम मध्य, पुरस्कार राशि: ₹4 लाख
प्रखंड राजमहल पंचायत गुणिहारी पुरस्कार राशि: ₹4 लाख इन पंचायतों को ग्राम सभाओं के सफल आयोजन और जन-भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास मंत्री द्वारा पुरस्कार प्रदान कर इनके कार्यों को सराहा गया।

यह सम्मान साहिबगंज जिले की अन्य पंचायतों के लिए एक उच्च मानक स्थापित करता है। इससे पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नवाचार व जन-केन्द्रित कार्यों को गति मिलेगी।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पंचायतों द्वारा किए जा रहे प्रयास यह दर्शाते हैं कि यदि योजनाओं का सही क्रियान्वयन और जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, तो ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक और सकारात्मक बदलाव संभव है।

