सकरीगली में मजदूरों का फूटा आक्रोश: मजदूरी बढ़ाने व जेसीबी से लोडिंग बंद कराने को लेकर धरना प्रदर्शन।
रेलवे रैक लोडिंग मजदूरों ने 4100 से बढ़ाकर 8000 रुपये प्रति वेगन करने की मांग उठाई, श्रम कानून उल्लंघन का लगाया आरोप।

साहिबगंज। सकरीगली रेलवे स्टेशन के समीप लोडिंग प्लॉट में मजदूरी दर को लेकर उत्पन्न विवाद ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया। झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूरों ने जिला समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
इससे पहले 4 अप्रैल 2026 को जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास की अध्यक्षता में रेलवे रैक लोडिंग मजदूरों एवं प्रतिष्ठान के बीच बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव भी उपस्थित रहे।

मजदूरों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रति वैगन मात्र 4100 रुपये मजदूरी दी जाती है। वहीं प्रतिष्ठान द्वारा कार्यस्थल को लगभग 5 फीट गहरा कर दिए जाने से कार्य की कठिनाई बढ़ गई है। पहले जहां एक बॉक्स लोड करने में 5 मजदूर लगते थे, अब उसी कार्य में 8 मजदूरों की आवश्यकता पड़ रही है।मजदूरों ने मांग रखी कि इस परिस्थिति में प्रति वैगन मजदूरी 8000 रुपये तय की जाए।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि मार्च माह से प्रतिष्ठान मनमाने ढंग से जेसीबी मशीन के जरिए लोडिंग कार्य करवा रहा है, जिससे मजदूरों का रोजगार छिन रहा है। इसे श्रम कानून का खुला उल्लंघन बताते हुए मजदूरों ने इसका कड़ा विरोध किया।केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि प्रतिष्ठान मनमानी नहीं कर सकता। श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए श्रम कानूनों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

मजदूरों की प्रमुख मांगें।प्रति वैगन मजदूरी 8000 रुपये की जाए, जेसीबी मशीन से लोडिंग कार्य बंद हो, सभी मजदूरों को न्यूनतम वेतन की गारंटी मिले, नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए, 12 घंटे के बजाय 8 घंटे कार्य सुनिश्चित हो, ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी दी जाए, रसोई गैस की आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए
रणधीर चौरसिया, बबलू रजक, विजय यादव, राकेश यादव, मुन्ना यादव, शिव जतन मंडल, छोटेलाल मालदार, रंजीत चौधरी, गुल शेख अंसारी, चुन्नू रविदास, तुलो मंडल, भोला यादव, हीरालाल मालदार, रतन सिंह, विशाल मंडल, दिलीप मंडल, ब्रह्मदेव चौधरी, छोटू मंडल, पवन मंडल, संजीव कुमार, मुन्नीलाल मुंडा सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित रहे।





