अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोनाजोड़ी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश।
ओपीडी, टीकाकरण, प्रसव सेवाओं समेत सभी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वच्छता और बेहतर सुविधा पर विशेष जोर।

पाकुड़। सदर प्रखंड अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सोनाजोड़ी का निरीक्षण अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं पंचायत राज विभाग, झारखंड सरकार की राज्य स्तरीय टीम द्वारा किया गया। इस टीम में एसपीआरसी अधिकारी एवं डीआरपी, जेएसएसए के सदस्य भी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। इस क्रम में ओपीडी सेवाएं, प्रसव पूर्व जांच (ANC), संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, दवा की उपलब्धता, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर उचित परामर्श, इलाज और आवश्यक दवाएं मिलनी चाहिए, ताकि लोगों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर बना रहे।
उन्होंने केंद्र की स्वच्छता व्यवस्था, सुव्यवस्थित संचालन और बेहतर प्रबंधन पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान राज्य टीम ने भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा स्थानीय स्तर पर सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की।स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




